शाहदरा जिला पुलिस ने बैंक खातों के ओटीपी (वन टाइन पासवर्ड) जानकर भोले-भाले लोगों के खातों से रकम उड़ाने वाले फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो एक्टिवेटिड सिम विक्रेताओं समेत कुल सात आरोपियों को दबोचा है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान संजय चड्ढा (45), संजीव चड्ढा (47), आमिर खान (28), अभिषेक (26), कुंदन गुप्ता (25), संदीप सिंह (27) और सत्यन विजय राठौर (27) के रूप में हुई है। संजय व संजीव सगे भाई हैं व दोनों सिमकार्ड विक्रे ता हैं।
वहीं अभिषेक बीटेक इंजीनियर है। पुलिस को सिमकार्ड के मुख्य विक्रेता व कॉल सेंटर के दो निदेशकों की तलाश है। आरोपियों से 60 एक्टिवेटिड सिमकार्ड, 20 वॉकी-टॉकी और 11 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि एक सूचना के आधार पर 18 नवंबर को जीटी रोड, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास एमएस पार्क थाना पुलिस ने संजय चड्ढा को 28 एक्टिवेटिड सिमकार्ड के साथ दबोचा।
सभी सिमकार्ड फर्जी आईडी के आधार पर निकलवाई गईं थीं। रिमांड के दौरान उसने बताया कि वह अपने भाई संजीव चड्ढा के साथ मिलकर एक्टिवेटिड सिमकार्ड का धंधा करता है। फर्जी आईडी के आधार पर अक्षय नामक युवक उसे सिम मुहैया कराता है।