गुरुग्राम और फरीदाबाद क्राइम ब्रांच ने सुंदर भाटी गैंग के बदमाशों को पकडने के लिए बुधवार को गुरुग्र्राम के झाड़सां गांव में संयुक्त ऑपरेशन चलाया। बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं, जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से जयबीर घायल हो गया। पुलिस ने घेरा बंदी कर जयबीर, दलबीर, नरवीर निवासी मंडकौला, डिगंबर निवासी होडल और गौरव निवासी जमई कॉलोनी को गिरफ्तार किया।
बदमाशों के मुताबिक बलराज भाटी भागने में सफल रहा। बलराज भाटी पर फरीदाबाद पुलिस ने 50 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया हुआ है। बदमाशों की गोली लगने से सेक्टर 30 क्राइम ब्रांच इंचार्ज सतेंद्र रावल घायल हुए हैं।
मंगलवार रात को क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 प्रभारी सतेंद्र रावल को सूचना मिली कि ग्रेटर नोएडा से बदमाशों का एक ग्रुप झाडसां गांव में आकर रुकेगा। सतेंद्र ने इस बात की सूचना सेक्टर-10 क्राइम ब्रांच टीम को दी। गुडग़ांव और फरीदाबाद पुलिस ने बदमाशों को दबोचने के लिए प्लान तैयार कर लिया। सुबह 9 बजे ही पुलिस टीम ने झाडसा गांव में डेरा डाल लिया। दोपहर 12 बजे के आसपास टीम ने उस मकान पर छापा मारा, जहां बदमाश रुके हुए थे।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने छत पर बने कमरे से ही अधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने खुद को बचाते हुए काउंटर फायर किए। एक गोली एक बदमाश को लगी, जो घायल होकर वहीं गिर पड़ा। एक साथी को गोली लगी देख बाकि बदमाश भागने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। इंस्पेक्टर सतेंद्र रावल के मुताबिक इसी दौरान गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गए और उन्होंने पुलिस को उलझाने की कोशिश की। इस बीच मौके का फायदा उठाकर बलराज भाटी वहां से खिसक गया।
फरीदाबाद पुलिस के मुताबिक बलराज भाटी पर 10 फरीदाबाद 2015 को घरोंडा गांव में टेलीविजन केबल की तार बिछा रहे बदरौला गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जिते व एक अन्य युवक की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। जितेंद्र के भाई शशि की फरीदाबाद कोर्ट परिसर में अगस्त 2013 में गोली मारकर हत्या की गई थी। इस हत्याकांड में जितेंद्र मुख्य गवाह और शिकायतकर्ता था। इसी तरह बल्लभगढ़ की यादव कॉलोनी में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर हुए विवाद में गिर्राज नामक युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक इस हत्या में जयबीर शामिल था।
पुलिस आयुक्त डॉ. हनीफ कुरैशी ने बताया कि बलराज भाटी पकड़ा जाता तो पुलिस को बड़ी कामयाबी मिलती लेकिन अभी जो हासिल हुआ, वह भी काफी है। पुलिसकर्मियों ने जान जोखिम में डालकर इस ऑपरेशन को सफलता से अंजाम दिया है। पकड़े गए बदमाश पेशेवर मुजरिम है।
गैंगवार के लिए तो नहीं हुए थे इकट्ठा
पुलिस को अंदेशा है कि जल्द ही गुडग़ांव में बड़ी गैंगवार होने वाली थी। सुंदर भाटी गिरोह के सदस्यों का झाड़सा गांव में रुकना किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना की तरफ ईशारा कर रहा है। गुडग़ांव में संदीप गाडौली हत्याकांड के बाद हुई गैंगवार में कई प्रमुख लोगों की हत्या हो चुकी है। गिरफ्तार किए गए डिगंबर, गौरव और नरबीर से पूछताछ के बाद नया खुलासा हो सकता है। जयबीर को अस्पताल में भर्ती करा दिया है। उसके स्वस्थ होने के बाद उसकी गिरफ्तारी डाली जाएगी।