घर हो बाहर अब कहीं भी महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। दिल्ली से सटे गाजियाबाद की सड़कों पर तो महिलाओं का चलना भी दुश्वार हो गया है।
बुधवार देर शाम संजयनगर सेक्टर-23 में शॉपिंग कर लौट रही महिला पर मनचले ने न केवल भद्दे कमेंट्स किए, बल्कि ऐसी हरकत कर दी कि महिला को सबके सामने शर्मसार होना पड़ा।
पीड़िता ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
कपड़े फाड़े और स्कूटी छोड़कर भागा
नोएडा की एक निजी कंपनी में तैनात पीड़िता ने बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े 9 बजे वह मां के साथ शॉपिंग कर घर लौट रही थी। घर से कुछ दूरी पर स्थित पान की दुकान पर कुछ युवक खड़े थे।
नशे में धुत एक युवक स्कूटी पर उनका पीछा करते हुए भद्दे कमेंट्स करने लगा। आरोपी के कमेंट्स को नजरअंदाज कर वह मां के साथ पैदल ही चलती रही।
इसी बीच आरोपी ने पीछे से टॉप पकड़कर फाड़ दिया। इस पर उसने शोर मचा दिया तो वहां आसपास के लोग जमा हो गए। पकड़े जाने के डर से आरोपी स्कूटी को वहीं छोड़कर पैदल ही भाग गया।
दोस्त की थी स्कूटी
मामले की देर रात ही पुलिस को सूचना दी गई। एसएचओ अरुण कुमार ने बताया कि पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
पुलिस छानबीन में पता चला है कि छेड़छाड़ का आरोपी युवक अपने दोस्त की स्कूटी लेकर आया था, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले ली है। जिस युवक की स्कूटी है, उसके परिजन अब थाने के चक्कर लगाकर अपना पक्ष रख रहे हैं।