ताजनगर रेलवे फाटक के नजदीक चार बदमाशों ने हथियार के दम पर ंचालक व परिचालक को बंधक बना लिया और उनका हाईवा डंपर लूट लिया। आरोपी चालक व परिचालक से नगदी व मोबाइल लूटने के बाद कुछ दूरी पर डंपर से फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने डंपर मालिक के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फतेहपुरी बेरी दिल्ली निवासी डंपर मालिक अनिल कुमार पुलिस को बताया कि उसके पास हाईवा डंपर है। जिस पर पिछले छह वर्ष से राजस्थान के जिला अलवर के गांव मौजपुर निवासी सरसो बतौर चालक है। उसका भांजा सहरून परिचालक के तौर पर कार्यरत है।
30/31 जनवरी की रात ये दोनों राजस्थान के किशनगढ़ बाज से डंपर में डस्ट भरकर यहां ताजनगर फाटक के पास आरएमसी प्लांट में लाए थे। इसके बाद वह रात में डस्ट न उतरने के कारण वह डंपर में ही सो गए।
रात करीब 2:40 बजे चालक ने फोन कर अनिल को बताया कि आरएमसी प्लांट से रिवाल्वर की नोंक पर चार-पांच बदमाशों ने उन दोनों को बंधक बना लिया और गाड़ी को लूट ले गए। डस्ट को बदमाशों ने वहीं पास में ही खाली कर दिया और चालक व परिचालक को कुछ दूरी चलकर इंछापुरी फाटक के नजदीक फेंक दिया।
उन्होंने बताया कि बदमाशों ने उससे 11000 रुपये, डीएल व क्लीनर का मोबाइल भी लूटकर ले गए। सूचना मिलने के बाद वह मौके पर पहुंचा और पूरे मामले की जानकारी लेने के बाद पुलिस को इसकी सूचना दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दिनकर यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।