दिल्ली विश्वविद्यालय के दयाल सिंह कॉलेज (सांध्य) के शिक्षक मनीभूषण को छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
टीचर के खिलाफ कॉलेज की छात्रा ने केस दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद आरोपी मेडिकल छुट्टी पर चला गया था।
कॉलेज में बुधवार को हंगामा होने के बाद बृहस्पतिवार को मनीभूषण को मालवीय नगर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, नवंबर, 2013 में कॉलेज की छात्रा ने छेड़छाड़, मारपीट करने और घूरने का मामला दर्ज कराया था।
मामला दर्ज होने के बाद मनीभूषण छुट्टी पर चला गया। छात्रा बुधवार को अपने परिजनों के साथ कालेज पहुंच गई थी और आरोपी को गिरफ्तार करने की मांग की।
इस बात को लेकर बुधवार शाम को कॉलेज में हंगामा हो गया था। पुलिस के अनुसार, इस मामले में कॉलेज की शिक्षक राजनीति को लेकर भी जांच की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे को लेकर कॉलेज के शिक्षक दो गुटों में बंटे हुए हैं।