दिल्ली के अलीपुर में शनिवार देर रात कार सवार बदमाशों ने करोलबाग के ज्वैलर के सेल्समैन से डेढ़ करोड़ रुपये के हीरे और 12 किलो चांदी के जेवर लूट लिए।
सूचना मिलते ही बाहरी दिल्ली पुलिस व पीसीआर ने बदमाशों की सोनाटा कार की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की दबिश बढ़ने से घबराए बदमाशों कार को नरेला में छोड़कर भाग गए।
रविवार दोपहर डेढ़ बजे पीसीआर कर्मियों को कार मिली। उसमें से लूट का सामान बरामद कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है।
हीरे की मार्केटिंग गए थे सेल्समैन
सुरेंद्र गुप्ता की करोलबाग में अनीष ज्वैलर नाम की दुकान है। सुरेंद्र जेवरातों की मार्केटिंग के लिए कई सेल्समैन रखे हुए हैं। शनिवार सुबह तीन सेल्समैन मनीष(26), निरंजन(27), हेमंत(29) ड्राइवर विरेंद्र(25) के साथ सन्नी कार से पटियाला में जेवरातों की मार्केटिंग करने के लिए गये थे।
उनके पास 12 किलो चांदी के जेवरात और करीब डेढ़ करोड़ के डॉयमंड के जेवरात थे। पटियाला में मार्केटिंग करने के बाद चारों देर रात करीब 12 बजे वापस करोलबाग आ रहे थे।
अलीपुर इलाके के नेशनल हाईवे संख्या-1 पर पीछे से आ रही एक सोनाटा कार ने ओवरटेक कर इनकी कार को रोका और पिस्टल के बल पर सभी सेल्समैन को कब्जे में कर तीन बैग में रखे सारे जेवरात लूट लिये।
पुलिस ने की नाकाबंदी
घटना के बाद सेल्समैन हेमंत ने वारदात की जानकारी अपने मालिक सुरेंद्र गुप्ता और पुलिस को दी। सेल्समैन ने पुलिस को सोनाटा कार का नंबर भी बताया, जिसपर सवार होकर बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हुए थे।
इतनी बड़ी रकम की लूट होने की सूचना से पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों ने तुरंत सिंघु बोर्डर सील कर वायरलेस मैसेज पर कार का नंबर फ्लैश कर उसे तत्काल रोकने का आदेश दिया।
वायरलेस मैसेज फ्लैश होते ही बाहरी दिल्ली पुलिस ने सभी जगहों पर नाकेबंदी कर कार की तलाशी शुरू कर दी। साथ ही पीसीआर वैन भी सभी इलाकों में सक्रिय हो गई। पुलिस की मुस्तैदी बढ़ते ही बदमाश को खुद को घिरा हुआ महसूस करने लगे।
12 घंटे के भीतर बरामद हुआ सामान
वारदात के बाद बदमाशों की कार नंबर फ्लैश होते ही बदमाशों की पहचान कर ली गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक अलीपुर थाने में तैनात एक सिपाही ने कार के नंबर के जरिए अपने आला अधिकारियों को बताया कि जिन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है, वह सिंघु गांव का रहने वाले हैं।
उसने बताया कि वह एक बार उस बदमाश की कार को जब्त किया था। उसके बाद अलीपुर थाने की एक टीम तुरंत उसके घर पर दबिश दी।
आरोपी बदमाश घर से गायब था। पुलिस ने परिवार के सदस्यों से बदमाश के दो मोबाइल नंबर लेकर तुरंत उसे सर्विलांस पर लगाया। इसके बाद आरोपियों के लोकेशन पर छापेमारी कर लूटे गए सामान बरामद कर लिए गए।