ठक ठक गिरोह ने रविवार को बारिश का फायदा उठाते हुए दो वारदातों को अंजाम दिया। बस स्टैंड और रेलवे रोड तिराहे पर दो कार से दस हजार नगदी समेत तीन दो कीमती मोबाइल ले उडे़। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
मेरठ शास्त्रीनगर निवासी अंकित गुप्ता रविवार दोपहर करीब एक बजे कार से गाजियाबाद की ओर जा रहा था। बारिश के कारण सड़क पर बस स्टैंड पर जाम लगा। जाम में फंसी कार पर पीछे से एक युवक ने दस्तक दी।
पीछे मुड़कर देखा तो इसी बीच दूसरी ओर से दो युवक उसका मोबाइल व पर्स ले उडे़। पीड़ित ने कार साइड में लगा उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। पर्स में दस हजार की नगदी और बीस हजार कीमत का एक मोबाइल है। दूसरी वारदात रेलवे रोड तिराहे पर हुई।
मुजफ्फरनगर निवासी प्रवीण कुमार कार से दिल्ली जा रहा था। उनकी कार रेलवे रोड तिराहे पर जाम में फंसी थी। पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और टक्कर की बात कहकर नोकझोंक करने लगे।
प्रवीण कार से उतरकर एक युवक से बात करने लगा। इसी बीच दूसरा युवक कार से मोबाइल लेकर रफूचक्कर हो गया। पीड़ित जब कार में दोबारा सवार होकर चला तब उसे वारदात का पता चला। पीड़ित के मोबाइल कीमत चौबीस हजार रुपये है। पीड़ितों की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है।