चार सशस्त्र बदमाशों ने तमंचों के बल पर एक डेंटल कॉलेज के एक अधिकारी से कार लूटी ली। पीड़ित ने इस संबंध में थाने में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
गाजियाबाद राजनगर एक्सटेंशन निवासी एसएल शुक्ला कादराबाद के निकट स्थित आईडीएसटी डेंटल कालेज में प्लानिंग विभाग के हेड हैं। बुधवार रात साढ़े आठ बजे वह अपनी लग्जरी कार से गाजियाबाद लौट रहे थे।
गाड़ी वह खुद ही चला रहे थे। शुक्ला ने बताया कि राज चौराहे से आगे सीएमडी के सामने उन्होंने अपने मित्र रवि को छोड़ने के लिए गाड़ी को साइड में लगाया। इसी दौरान वह अपने किसी परिचित से फोन पर बातचीत करने लगे।
इसी बीच चार युवक वहां आए। उनमें से दो बदमाश गाड़ी के पीछे की सीट पर बैठ गए तथा दो बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उनसे गाड़ी की चाभी छीन ली और गाड़ी लेकर गाजियाबाद की फरार हो गए।
शुक्ला की सूचना पर पुलिस ने तत्काल ही वायरलेस पर गाड़ी लूटने की सूचना फ्लैश कर दी। समाचार लिखे जाने तक आसपास के थाना क्षेत्रों में नाकेबंदी कर पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी।
मगर पुलिस को सफलता हाथ नहीं मिली। सीओ सोमवीर सिंह ने बताया कि बदमाश किस वाहन से वहां पहुंचे इस बात का फिलहाल पता नहीं चल सका है। बदमाश जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।