फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर लड़की से दोस्ती करने और फिर उसे ब्लैकमेल करने के मामले में दिल्ली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है।
फर्जी अकाउंट के जरिए युवक ने लड़की से दोस्ती बढ़ाई थी और उससे मिलने के लिए कई बार दिल्ली भी आया था।
लेकिन कुछ समय बाद जब लड़की ने उससे दोस्ती खत्म करने की बात कही तो वह भड़क गया और उसने बदनाम करने की धमकी देते हुए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
'डेढ़ लाख दो नहीं फोटो शेयर कर दूंगा'
पश्चिमी दिल्ली में रहने वाली 22 वर्षीय युवती दिल्ली यूनिवर्सिटी से फ्रेंच भाषा की पढ़ाई कर रही है। पिछले साल अप्रैल में फेसबुक के जरिए उसकी दोस्ती अंबाला निवासी राजीव मलिक से हुई थी। राजीव ने खुद को सीए का छात्र बताया था।
दोस्ती के बाद उसने छात्रा को मुंबई के एक बैंक में नौकरी करने की बात कही थी। इसके बाद वह कई बार छात्रा से मिलने के लिए दिल्ली आया।
कुछ समय पहले युवती ने दोस्ती खत्म करने की बात कही तो आरोपी ने उसके फोटोग्राफ सार्वजनिक करने की धमकी दी। युवक ने उससे फोटो सार्वजनिक नहीं करने के एवज में डेढ़ लाख रुपये भी मांगे।
कैंपस में पहुंच गया पैसे लेने
काफी समझाने के बाद जब वह नहीं माना तो युवती ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी। शिकायत मिलने पर एक्शन में आई पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को छात्रा से फोन करवाया और उसे रुपये लेने के लिए डीयू कैंपस में बुलाया।
लड़की की बात मानकर वह कैंपस में पैसे लेने पहुंचा जहां पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपना असली नाम अरविंद मलिक बताया और फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल होने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वह बेरोजगार है।