साइबर सिटी में साइबर क्राइम बढ़ता ही जा रहा है। जिले के विभिन्न थानों में लगातार केस दर्ज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 15 लोगों के खातों से लाखों रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करने का मामला सामने आया है। पिछले चार दिनों में अब तक करीब 150 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
थाना सदर पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के पांच मामले दर्ज किए हैं। शिकायत में मुकुल सिन्हा, जोगिंदर, ताजमल और रामधन ने उनके खाते से ऑनलाइन रुपये निकालने का आरोप लगाया है। सुशांतलोक थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के छह मामले दर्ज किए गए हैं।
सान्या पारिख, निश्चल, अशोक कुमार, शिवानी, गुरमीत सिंह और अंशुल ने उनके खाते से ऑनलाइन रुपये निकालने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि किस अज्ञात व्यक्ति ने बैंक अधिकारी बनकर उनके यहां फोन कर खाते व कार्ड की जानकारी ले ली और फिर ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर लिए।
cyber crime
वहीं, सेक्टर-29 थाना पुलिस ने अलग-अलग शिकायतों पर ऑनलाइन ठगी की छह एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में रामकेश, अनुराधा, अमृतपाल, पावरग्रिड के सचिव सीपी मित्तल, बुलबुल ने उनके खाते से ऑनलाइन पैसे निकालने का आरोप लगाया है।
सिविल लाइन क्षेत्र निवासी काला वीएस ने उनके खाते से ऑनलाइन 14 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाया है। शिकायत पर साइबर क्राइम सैल ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। वहीं उद्योग विहार थाना क्षेत्र में एक हवाई कंपनी के डीजीएम राहुल कुमार ने जहां नाफीस अहमद पर आईडी के जरिए कंपनी का टिकट फर्जी रूप से लेने का आरोप लगाया है।
वहीं शुभम हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कंपनी के चंद्र विजय पांडेय ने अज्ञात के खिलाफ कंपनी से 3.5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की शिकायत दी है। इसके अलावा उद्योग विहार फेज-4 स्थित नेशनल आर्ट सेंटर के चेयरमैन रूप चंद ने जेसी पुरी नाम के व्यक्ति पर 45 हजार की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।