नशीली कोल्डड्रिंक पिलाकर जहरखुर्रानी गिरोह ने सेना के सूबेदार का सामान लूट लिया। लूटपाट के बाद सूबेदार को ट्रेन में बैठा दिया।
गाजियाबाद पहुंचकर होश आया तो पीड़ित सूबेदार ने जीआरपी अधिकारियों को आपबीती सुनाई। जीआरपी ने रिपोर्ट दर्ज कर मामला दिल्ली रैफर कर दिया है।
मूल रूप से त्रिवेंद्रम केरल निवासी शशि कुमार ए थल सेना में सूबेदार है और फिलहाल चंडीगढ़ में तैनात है। बुधवार को चंडीगढ़ जाने के लिए नई दिल्ली स्टेशन पर पहुंचे थे।
दोपहर करीब साढ़े तीन बजे खाना खाने के बाद उन्होंने स्टेशन पर मौजूद एक युवक से चंडीगढ़ जाने के लिए ट्रेन की जानकारी ली।
युवक ने भी चंडीगढ़ जाने की बात कहकर उससे बातचीत शुरू कर दी और थोड़ी देर बाद कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसका सामान लूट लिया।
एसएसआई जीआरपी पंकज लवानिया ने बताया कि नशे की हालत में जहर खुर्रानी गिरोह ने सूबेदार को गाजियाबाद की ट्रेन में बैठा दिया। होश आने पर शशिकुमार गाजियाबाद स्टेशन पर उतरा और थाने पहुंचा।
शशिकुमार ने बताया कि जहर खुर्रानी गिरोह ने 2800 रुपये, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड, स्मार्टफोन, जूते, कपड़े, रेलवे पास और आईकार्ड भी लूट लिया। पंकज लवानिया ने बताया कि घटनास्थल दिल्ली का है, रिपोर्ट दर्ज कर मामला दिल्ली रेफर कर दिया गया है।