दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में बदमाशों ने एक महिला केे खाते से 40 हजार रुपये उड़ा लियेे। आश्चर्य कि बात यह है कि उस वक्त पीड़िता का एटीएम उसके पास मौजूद था। उधर, पीड़िता जब पहाड़गंज थाने में मामला दर्ज कराने गई तो पुलिस ने धोखाधड़ी और हेराफेरी की जगह चोरी का मामला दर्ज कर लिया। अधिकारी पूरे मामले की छानबीन की बात कर रहे हैं। फिलहाल, महिला ने अपना कार्ड ब्लॉक करवा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता प्रतिमा त्रिपाठी परिवार संग रेलवे अधिकारी फ्लैट, स्टेट एंट्री रोड पर रहती हैं। रविवार वह किसी काम से गुरुग्राम गईं थी। शाम करीब 6.04 बजे मोबाइल पर 10 हजार रुपये निकाले जाने का मेसेज आया।
इससे पहले वह कुछ समझ पाती अगले मिनट तीन अन्य मेसेज आए। दरअसल, चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में आरोपी ने 40 हजार रुपये निकाल लिये थे। प्रतिमा ने तुरंत एटीएम कार्ड बंद करवा दिया। छानबीन में पता चला कि कैश फेज रोड, करोलबाग स्थित एटीएम से निकाला गया था। पुलिस एटीएम के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मामले की छानबीन कर रही है।