ममेरी बहन को ले जाने के बाद 4 लाख रुपये मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले ब्रज को उसके मामा ने ही मौत के घाट उतारा था। उसके डर से बच्चों का स्कूल जाना बंद हो गया था। 7 दिन पहले ब्रज को खत्म करने की साजिश आरोपी ने रची। 3 मार्च की रात जीटी रोड पर भांजे को पैसे देने के बहाने बुलाया और हत्या कर दी। आरोपी और उसके रिश्तेदार को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, गांव मिल्क खटाना निवासी ब्रज 3 साल पहले ममेरी बहन को ले गया था। कुछ दिन बाद युवती वापस लौटी तो परिजनों ने उसकी हत्या की कोशिश की थी। इसके बाद वह फिर ब्रज के साथ चली गई। ब्रज तभी से ग्रेटर नोएडा के गांव सिरसा निवासी मामा जगत से 4 चार लाख रुपये की मांग करने लगा।
रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने की धमकी देता। एक सप्ताह पहले मामा ने भांजे को जान से मारने की ठान ली। 3 मार्च सुबह ब्रज ने फिर से पैसे की मांग की। इस पर जगत ने शाम तक व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। रात में जगत ने ब्रज को फोन पर जीटी रोड स्थित शिव नाडर यूनिवर्सिटी के पास बुलाया।
ब्रज चचेरे भाई हरिओम को साथ लेकर वहां पहुंच गया। जगत बाइक पर रिश्तेदार दीपक के साथ आया। दादरी कोतवाल होमसिंह यादव ने बताया कि हरिओम के पिता केहर सिंह की शिकायत पर जगत समेत तीन पर मामला दर्ज किया गया है। बढ़पुरा की पुलिया से जगत और गांव रूपबास निवासी दीपक को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल तमंचा और पिस्टल बरामद कर ली।