सेक्टर-58 कोतवाली से डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाशों ने बुधवार देर रात एक इंजीनियर से रास्ता पूछने के बहाने मोबाइल लूट लिया। पीड़ित ने बदमाशों का पीछा किया, मगर वह फरार हो गए। घटना सेक्टर-58 के जे ब्लाक में हुई। पीड़ित ने घटना की तहरीर दे दी है।
जानकारी के मुताबिक खोड़ा निवासी शिवराम सिंह सेक्टर-58 के जे ब्लाक स्थित एक कंपनी में इंजीनियर हैं। वह बुधवार देर शाम को ऑफिस से काम खत्म करके घर जाने के लिए निकले थे। पास में ही स्थित स्टैंड पर ऑटो का इंतजार कर रहे थे।
उसी समय उनके फोन पर एक कॉल आई तो वह बात करने लगे। बाइक सवार बदमाश आए और उन्होंने रास्ता पूछने के बहाने पास बुलाया तथा मोबाइल झपटकर भाग गए। पीड़ित इंजीनियर ने बाइकर्स का पीछा किया लेकिन चंद मिनटों में ही बदमाश ओझल हो गए।
पीड़ित ने एक राहगीर के मोबाइल से पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को तलाश किया लेकिन कोई कामयाबी नहीं मिली। पीड़ित ने सेक्टर-58 कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी है।
दो माह में 42 मोबाइल लूटे
नोएडा में ऐसा कोई दिन नहीं है कि जिस दिन दो से चार मोबाइल न लूटे जा रहे हाें। मगर पुलिस ऐसी आपराधिक घटनाओं को रोकने में नाकाम हो रही है। पिछले दो माह में 42 मोबाइल लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी है। मगर इनमें से पुलिस दो-तीन फोन ही बरामद कर पाई है। बाकी का आज तक कोई सुराग नहीं है।