दिल्ली के लाहौरी गेट रेलवे स्टेशन के पास शनिवार रात गश्त के दौरान तीन बदमाशों ने आरपीएफ के सिपाही पर उस्तरे व पत्थर से हमला कर दिया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सिपाही की शिकायत पर नई दिल्ली जीआरपी थाना पुलिस ने प्रमोद समेत तीन लोगों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने और मारपीट करने का मामला दर्ज कर लिया। फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से गांव बेरी, झज्जर (हरियाणा) निवासी कुलवीर सिंह आरपीएफ में सिपाही है। वह लाहौरी गेट पोस्ट पर तैनात है।
शनिवार रात 11 बजे शीला पुल के पास गश्त करते हुए वह नॉर्थ यार्ड के पास पहुंचा। रेलवे की संपत्ति चोरी होने की वजह से यहां का रास्ता बंद कर दिया गया है। वहां तीन लोगों को देख कुलवीर ने उनसे जाने के लिए कहा। इसी पर तीनों उससे गाली गलौच करने लगे।
आरोप है कि इस दौरान एक शख्स ने उस्तरे से कुलवीर के हाथ पर दो वार कर दिए। जब कुलवीर ने उससे उस्तरा छीन लिया तो तीनों ने पत्थर से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया और फरार हो गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल कुलवीर को अस्पताल पहुंचाया। उसने पुलिस को बताया कि हमला करने वाले एक आरोपी प्रमोद को वह पहचानता है।