गुड़गांव में शीतला माता मंदिर के सामने वीआईपी जोन में गाड़ी पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद सब इंस्पेक्टर के साथ मारपीट करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है जिसमें बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ भी शुरु कर दी है। पुलिस के अनुसार उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरुवार को शीतला माता मंदिर पर सब इंस्पेक्टर गिरिराज के साथ वीआईपी गेट के सामने गाड़ी की पार्किंग को लेकर एक युवक से झगड़ा हो गया था। इसके बाद युवक ने कुछ दूसरे लोगों के साथ मिलकर एसआई के साथ मारपीट करते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी।
यह भी पढ़ें: डीसीएम की टक्कर से युवक की मौत
इसके बाद सभी लोग मौके से फरार हो गए। इस मामले की सूचना मिलते ही सेक्टर पांच थाना पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू कर दी थी। शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
जिसकी पहचान गीता कॉलोनी दिल्ली निवासी सुधीर राय के रुप में हुई है। जो डीटीसी में ड्राइवर के पद पर कार्यरत है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
इस मामले में पुलिस ने चार से पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई देवचरण ने बताया कि वारदात में शामिल बाकी के आरोपियों की पहचान हो गई है जिसमें आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।