इनकम टैक्स के नाम से फर्जी ई-मेल भेजकर और बैंकखाते की जानकारी लेकर महिला एचआर मैनेजर से ठगी की गई।
ठगों ने महिला से एक एप डाउनलोड करवाकर उनके मोबाइल को हैक कर लिया और एक ही रात में 65 बार ट्रांजेक्शन कर उनके अकाउंट से करीब साढ़े छह लाख की खरीदारी कर डाली।
इस संबंध में इंदिरापुरम थाने में तहरीर दी गई है। कौशांबी के उदयगिरी टावर निवासी ए गुप्ता दिल्ली के ओखला स्थित एक मार्केटिंग कंपनी में एचआर मैनेजर हैं।
उनके पास इनकम टैक्स ऑफिस के नाम की आईडी से एक दिसंबर को एक ई-मेल आया, जिसमें इनकम टैक्स रिटर्न भरने के लिए उनके बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबरों की जानकारी मांगी गई थी।
उन्होंने यह जानकारी मेल के माध्यम से दे दी। तीन दिसंबर को एक और ई-मेल आया, जिसमें क्रेडिट और डेबिट कार्ड नंबर और पासवर्ड की जानकारी मांगी गई।
साथ ही इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के लिए इनकम टैक्स कैलकुलेटर नाम का एप डाउनलोड करने को कहा गया। उन्होंने जानकारी भेजकर एप डाउनलोड किया। इसके बाद उनका मोबाइल हैंग हो गया।
कुछ देर बाद उन्होंने मोबाइल बंद करके दोबारा ऑन किया, मगर एप चला ही नहीं। अगले दिन उनके मोबाइल पर 65 मैसेज आए, जिससे पता चला कि 65 बार ट्रांजेक्शन कर साढ़े छह लाख की खरीदारी की गई है।
रविवार को वह थाना इंदिरापुरम पहुंचीं और शिकायत दी। एसएचओ इंदिरापुरम ने बताया कि ठगों की तलाश की जा रही है।
ये बरतें सावधानियां
क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड नंबर किसी को न बताएं
इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग पासवर्ड किसी से शेयर न करें
सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर अपना पर्सनल डाटा न लिखें
जो नंबर बैंक में रजिस्टर्ड हो उस पर कोई भी अनजान एप डाउनलोड न करें
हाल में हुई ठगी की वारदातें
01 दिसंबर 2015:वैशाली के इंजीनियर से हजारों की ठगी
04 नवंबर 2015:पसौंडा की महिला के अकाउंट से हजारों निकाले
15 अक्टूबर 2015:शालीमार गार्डन की महिला के अकाउंट से 12 हजार निकाले