प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) के दौरान दिसंबर 2014 में फर्जी परीक्षार्थी मामले की जांच शुरू हो गई है। इस मामले में स्कूल शिक्षा बोर्ड ने भी अपना पक्ष साफ कर दिया है।
बोर्ड के सचिव विनय धीमान ने कहा कि यदि इस मामले में आरोप साबित हो जाते हैं तो असली परीक्षार्थियों को टेट से बाहर कर दिया जाएगा।
पुलिस ने सदर थाना चंबा के सुपुर्द इस मामले को किया है और यहां एक टीम गठित की गई है। यह टीम पहले पूरे मामले से जुड़े सभी दस्तावेज एकत्र करेगी और उसके बाद आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश अभियान चलाएगी।
इस मामले में अब तक दस लोगों को आरोपी बनाया गया है। इस मामले के सामने आने के बाद इस अनियमितता में शामिल फर्जी और असली परीक्षार्थियों के हाथ पांव फूलने शुरू हो गए हैं।
सदर थाना में गठित हुई टीम- डीएसपी हेडक्वार्टर वीर बहादुर ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिल चुकी है। शिकायतकर्ता के बयान के आधार पर पुलिस आगामी कार्रवाई करेगी। चंबा थाना में टीम गठित हो चुकी है और दस्तावेजों की जांच भी शुरू कर दी गई है।