दिल्ली में रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़े गए कृषि मंत्रालय भारत सरकार के सीनियर अकाउंट्स अधिकारी राजीव कुमार गुप्ता के सेक्टर 19 स्थित आवास पर सीबीआई ने छापा मार कार्रवाई की। सीबीआई टीम ने उनके घर से कई दस्तावेज कब्जे में लिए।
सीबीआई प्रवक्ता के मुताबिक हरियाणा एंड पंजाब हाईकोर्ट में भारत सरकार की ओर से सीनियर काउंसल पैनल में तैनात एक एडवोकेट ने राजीव कुमार गुप्ता के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी। वकील ने हाई कोर्ट में चल रहे कई मामलों में कृषि मंत्रालय भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया था।
सीनियर अकाउंट्स ऑफिसर राजीव कुमार गुप्ता उनके बिल का भुगतान नहीं कर रहा था। इन बिलों को क्लियर कराने के एवज में राजीव गुप्ता ने वकील से 55 हजार रुपये घूस की मांग की थी। सीबीआई में शिकायत करने के बाद पीड़ित ने धूस की रकम देने की हामी भर दी।
राजीव ने घूस की रकम देने के लिए वकील को रविवार को दिल्ली के कोपरनिकस मार्ग स्थित पंजाब भवन में बुलाया था। यहां सीबीआई टीम पहले से ही मौजूद थी। वकील ने जैसे ही घूस के 55 हजार रुपये राजीव गुप्ता को दिए सीबीआई वालों ने उसे रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। राजीव को गिरफ्तार कर पूछताछ करने के बाद एक टीम ने सेक्टर 19 स्थित आवास पर छापा मार कार्रवाई की।
सूत्रों के मुताबिक टीम ने उसके घर से वकील के बिलों के भुगतान संबंधी कुछ दस्तावेज कब्जे में लिए। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक राजीव कुमार गुप्ता कृषि मंत्रालय से पहले केंद्रीय लोक निर्माण विभाग में भी तैनात रह चुके हैं।