सेक्टर-56 की सुनहरा अपना घर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी मामले में पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। इस मामले में मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हस्तक्षेप के बाद तत्कालीन पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क के आदेश पर मामला दर्ज हुआ था। मामले में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
सेक्टर-55 में लोगों के लिए सस्ते आवासीय भवन का निर्माण करने के उद्देश्य से वर्ष 1996 में सुनहरा अपना घर कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी का गठन किया गया था। 1996 से 2017 तक इस परियोजना के तहत लोगों को फ्लैट वितरित किए जाने थे। परियोजना में ओवरसेलिंग कर गड़बड़ी की गई।
फ्लैट बुकिंग के नाम पर 225 लोगों से पैसे लिए गए, लेकिन केवल 200 लोगों को ही फ्लैट दिए गए, जिस पर पीड़ित पक्ष की ओर से प्रदेश सरकार को शिकायत की गई। इसके बाद मामले में सेक्टर-56 थाना पुलिस ने ठेकेदार ईशपाल भारद्वाज, उसके चचेेरे भाई एवं सोसायटी के अध्यक्ष अमित भारद्वाज के अलावा ईशपाल के साढू़ृ प्रदीप के खिलाफ धोखाधड़ी समेेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया था। इस मामले में मुख्यमंत्री ने पुलिस आयुक्त को भी अपने स्तर पर मामले पर नजर रखने के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रदीप व अमित को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि ईशपाल फरार चल रहा था। थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी ईशपाल भारद्वाज को गिरफ्तार कर लिया गया है।