युवती से मिलने स्वर्ण नगरी सेक्टर में आए ठेकेदार को स्विफ्ट सवार तीन हमलावर दो गोली मारकर फरार हो गए। वारदात के बाद ठेकेदार के साथी उसे अस्पताल ले जाने के बजाय मौके पर छोड़ कर भाग गए। ठेकेदार युवती के साथ लिव-इन में रहता है। आरोपियों की तस्वीर सीसीटीवी में कैद हो गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कासना कोतवाली की ऐच्छर चौकी प्रभारी यतेंद्र कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे स्वर्ण नगरी सेक्टर में स्थित जनता फ्लैट सोसायटी में एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना मिली।
पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। उसके एक गोली पेट में और दूसरे गले पर लगकर पार हो गई थी। घायल की पहचान जोगेंद्र सिंह पुत्र मामचंद निवासी फरीदाबाद हरियाणा के रुप में हुई है।