अगर आपके घर में छोटे बच्चे हैं। तो जरा सावधान रहें, क्योंकि आपकी एक छोटी सी लापरवाही जानलेवा हो सकती है। क्योंकि इन दिनों बच्चों को लावारिस कुत्ते निशाना बना रहे हैं। चंडीगढ़ में लावारिस कुत्तों का आतंक बढ़ गया है। हर दिन कुत्ते काटने के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। बुधवार रात मोहाली के फेज-2 स्थित गुरुद्वारा साहिब के अंदर खड़े तीन साल के बच्चे को लावारिस कुत्ते ने निशाना बनाया।
बच्चे के होठों का बड़ा हिस्सा काटकर ले गया। इस दौरान पैरेंट्स ने बड़ी मुश्किल से बच्चे को बचाया। गंभीर हालत में बच्चे को पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। जहां डॉक्टरों ने 24 घंटे अपनी निगरानी में रखने का फैसला किया है।
डॉक्टरों का कहना है कि करीब एक महीने के बाद ही सर्जरी की प्रक्रिया हो पाएगी। गुरुद्वारा तालमेल कमेटी के प्रधान जोगिंदर सिंह सोंधी ने बताया कि गुरुद्वारा साहिब की डिस्पेंसरी में बुधवार रात डॉक्टर मरीजों की जांच कर रहे थे। वहीं, उनका बेटा परमजीत सिंह भी उनके पास था। जबकि उनका तीन साल का पोता जपदीप सिंह वहां पर खेल रहा था। इस बीच एक लावारिस कुत्ता वहां आ गया। उसने बच्चे पर हमला कर दिया और उसके होठों का बड़ा हिस्सा काट दिया।
इस दौरान बड़ी मुश्किल से बच्चे को कुत्ते से छुड़ाया। इस दौरान बच्चा लहूलुहान हो गया था। इसके बाद गुरुद्वारा साहिब की डिस्पेंसरी में बच्चे को प्राथमिक सहायता दी गई। साथ ही उसे तुरंत पीजीआई रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने कहा कि अगले 24 घंटे बच्चे को ऑब्जर्वेशन में रखा जाएगा।