दिल्ली-गुडग़ांव एक्सप्रेस वे पर बुधवार की रात को कंपनी से वापस घर जा रहे युवक की बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक चला रहे युवक व पीछे बैठे दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई। रजोकरी दिल्ली का रहने वाला अनुज (35) आईएमटी मानेसर में एक निजी कंपनी में काम करता है।
बुधवार की रात को वह रोजाना की तरह डिस कवर मोटर साईकिल से घर के लिए निकला था। कंपनी से निकलते समय मानेसर में ही रहने वाले साथ दान बहादुर (36) को अपने कमरे पर ले जाने के लिए बैठा लिया। जिसके बाद दोनों रात एक बजे कंपनी से दिल्ली के राजोकरी के लिए रवाना हुए।
जयपुर की ओर से दिल्ली जाने वाले मार्ग पर 32 माइल स्टोन के पास अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियत्रित हो गई। जिससे वह डिवाइडर से टकरा गई। घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम में किसी राहगीर ने दी । घटना की जानकारी के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस दोनों को निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सिविल लाइन थाना ने अनुज के पिता नाहर सिंह के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।