नौवीं की छात्रा का अपहरण कर फॉर्च्यूनर कार सवार पांच युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और 21 दिनों तक बंधक बनाकर रखा। 27 जून को आरोपी छात्रा को एनएच-24 स्थित एबीईएस कॉलेज के पास फेंककर फरार हो गए।
सेक्टर-39 पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, सदरपुर कॉलोनी निवासी रीना (16, परिवर्तित नाम) का आरोप है कि 6 जून की दोपहर कॉलोनी निवासी भरत पांडे उसे साथ ले गया और नशीला पदार्थ मिली कोल्ड ड्रिंक पिला दी।
इसके बाद उसने चार दोस्तों शैलू, अमित गुप्ता, अमर और इमरान के साथ चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म किया और 21 दिनों तक अलग-अलग जगहों पर बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
चलती गाड़ी से फेंककर फरार
- फोटो : demo
इसके बाद चलती गाड़ी से फेंककर फरार हो गए। रीना ने स्थानीय लोगों की मदद से मोबाइल के जरिये पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। परिजनों ने सेक्टर-39 थाने में पांचों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।
पीड़िता के परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म की धारा में रिपोर्ट दर्ज नहीं की। रीना को मेडिकल कराने के लिए भेजा गया था जहां किन्हीं कारणों से मेडिकल नहीं हो सका। इस संबंध में शुक्रवार को पीड़िता के परिजनों ने डीएम से मुलाकात कर पुलिस की शिकायत की।
उसके बाद सामूहिक दुष्कर्म की धारा रिपोर्ट में जोड़ी गई। एसपी सिटी दिनेश यादव का कहना है कि शैलू, अमित, अमर और भरत पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं, इमरान को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।