रेलवे में टिकट चैकर की नौकरी दिलाने के नाम पर दर्जनभर से अधिक लोगों से 50 लाख रुपये की ठगी कर चुके नटवर लाल को पुलिस ने धरदबोचा है। आरोपी एक राजनीतिक दल के यूथ विंग का राष्ट्रीय अध्यक्ष है।
मंत्रियों को माला पहनाते हुए खींची गई फोटो दिखाकर वह लोगों को जाल में फंसाता था और इसके बाद नौकरी लगवाने का ख्वाब दिखाकर उनसे लाखों रुपये ठग लेता था।
इतना ही नहीं आरोपी ने एक पीड़ित मुन्नू को फर्जी टिकट चैकर बनाकर उससे 25 दिन तक कई रेलवे स्टेशनों पर चेकिंग कराई। ठग के पास से लग्जरी कार और रेलवे के फर्जी अप्वाइंटमेंट लेटर मिले हैं।
पुलिस ने मुरादाबाद निवासी मुन्नू सिंह की शिकायत पर आरोपी को इंदिरापुरम बुला धर दबोचा। बकौल एसओ इंदिरापुरम मुन्नू फरवरी 2013 में एक जानकार के माध्यम से न्यायखंड निवासी ठग ज्ञानेश कुमार चौहान से मिला था।
ज्ञानेश ने रेलवे में नौकरी दिलवाने के लिए मुन्नू से साढ़े सात लाख रुपये मांगे थे। पीड़ित ने गांव की जमीन बेचकर 7 लाख रुपये ज्ञानेश को दिए थे।