नई दिल्ली-देहरादून नंदा देवी एक्सप्रेस से भारत सरकार के कृषि वैज्ञानिक के पांच बैग चोरी हो गए। साहिबाबाद के पास चलती ट्रेन से पांच बैग चोरी होने से जीआरपी में हड़कंप मच गया है।
वैज्ञानिक ने देहरादून पहुंचकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पीड़ित के शक जताने पर गाजियाबाद जीआरपी ने बृहस्पतिवार को ट्रेन में चार एसी कोच के अटेंडेंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वैज्ञानिक ने देहरादून जीआरपी पर चोरी की घटना कुबूलने के बावजूद अटेंडेंट को छोड़ने का आरोप लगाया है।
कृषि मंत्रालय के देहरादून स्थित भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान में तैनात वरिष्ठ वैज्ञानिक एम. मुरुगानंदम 29 जनवरी को एक महीने की छुट्टी से लौटकर पत्नी और बेटी के साथ देहरादून जा रहे थे।
नई दिल्ली से वे नंदा देवी एक्सप्रेस के सेकेंड एसी कोच में सवार हुए। उन्हें नींद आ गई। इसी दौरान बदमाशों ने उनके 5 बैग चोरी कर लिए। बैग में सोने की चेन, लैपटॉप, कैमरा, कपड़े और कीमती सामान था। उन्होंने बताया कि पांचवां बैग ले जाने के दौरान उनकी पत्नी की आंख खुल गई।
उन्होंने शोर मचाया, लेकिन तब मुरुगानंदम दौड़े तब तक बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर भाग गए। उन्होंने साहिबाबाद के पास चेन पुलिंग की, लेकिन बदमाशों का सुराग नहीं लगा।
उन्होंने गाजियाबाद में उतरकर एफआईआर दर्ज कराने से इनकार कर दिया और देहरादून पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। देहरादून जीआरपी ने घटना गाजियाबाद की बताकर केस गाजियाबाद जीआरपी को ट्रांसफर कर दिया।
जीआरपी सीओ ओपी त्रिपाठी ने बताया कि कोच अटेंडेंट से पूछताछ की गई है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
अटेंडेंट से हुई पूछताछ
जीआरपी ने पीड़ित वैज्ञानिक परिवार के शक पर बृहस्पतिवार को ट्रेन में उस वक्त मौजूद 4 कोच के अटेंडेंट को हिरासत में लिया। गाजियाबाद में उनसे पूछताछ की गई।
एम.मुरुगानंदम ने बताया कि देहरादून जीआरपी ने भी अटेंडेंट को हिरासत में लिया था। तब दो अटेंडेंट ने चोरी की घटना कुबूल कर ली थी। बावजूद इसके जीआरपी ने उन्हें छोड़ दिया।
कालका मेल से टैबलेट चुराया
कालका मेल से युवक का टैबलेट चुराने वाले बदमाश को एक दिन बाद पीड़ित ने ही धर दबोचा। उसके पास से टैबलेट भी बरामद हुआ है। चोर गुड़गांव की एक कूलर फैक्ट्री में काम करता है।
जीआरपी एसएसआई इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश विकास (21) औरैया के दिबियापुर गांव निवासी है। बुधवार देर रात करीब पौने 12 बजे कालका मेल से इसने इटावा निवासी अश्विनी दुबे का टैबलेट चोरी कर लिया।