तहसील गेट के नजदीक रविवार रात दुकान की छत तोड़कर चोर तीन हजार रुपये, मोबाइल व कीमती सामान ले गए। आसपास के व्यापारियों ने कोतवाली पहुंचकर घटना की तहरीर दी।
पुलिस ने बताया मोहल्ला न्यादर गंज निवासी नितिन की जीटी रोड स्थित तहसील गेट पर जय अंबे नाम से मोबाइल का शोरूम है। रविवार शाम वह दुकान बंद कर घर गया था। सोमवार सुबह जब उसने दुकान खोली तो छत टूटी हुई मिली। दुकान से 40 मोबाइल, तीन हजार रुपये, लैपटॉप समेत कीमती सामान गायब था। उसने पुलिस को सूचना दी।
महिला के गले से चेन खींची
तहसील गेट के नजदीक सोमवार सुबह खड़ी पुलिस जीप से चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाश महिला के गले से सोने की चेन झपटकर ले गए। महिला ने इस बाबत कोतवाली में तहरीर दी है।
नगर के मोहल्ला न्यादर गंज निवासी सतीश की बेटी शालू सोमवार सुबह भाई की दुकान में चोरी होने की सूचना पाकर पैदल ही दुकान जा रही थी। इस दौरान तहसील गेट के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।