सेक्टर-15 के ए ब्लॉक में महिला को बंधक बनाकर तीन लाख रुपये की ज्वेलरी लूटने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में मामला घर में घुसकर मारपीट का लग रहा है। लूट की अभी पुष्टि नहीं हुई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से मुरादाबाद निवासी दिव्या गुप्ता नोएडा के सेक्टर-15 के ए ब्लॉक में रहती हैं, जबकि पति नौकरी की वजह से बाहर रहते हैं। 22 दिसंबर को सेक्टर-16 निवासी हुसैन अपने दो साथियों के साथ घर पहुंचा और चाकू के बल पर दिव्या को बंधक बनाकर पीटा।
इसके बाद आरोपियों ने घर से रखी लगभग तीन लाख रुपये की ज्वेलरी लूट ली। वारदात के बाद डर की वजह से वह अगले दिन मुरादाबाद चली गईं। नोएडा लौटकर उन्होंने थाना सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की। दिव्या ने बताया कि आरोपी हुसैन उसके घर में काम करने वाली महिला के साथ एक बार आ चुका था।