अमेरिका में नौकरी दिलाने का झांसा देकर वीजा और फ्लाइट टिकट के नाम पर एक निजी कंपनी के अधिकारी से करीब दो लाख, 28 हजार रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले में थाना सदर पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी व आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यूपी के जिला आगरा निवासी जितेंद्र सिंह यहां ओमनगर में किराए के मकान में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कंपनी में अधिकारी के तौर पर कार्यरत हैं। पीड़ित ने बताया कि उसके पास कुछ महीने पहले रितिका नामक युवती का फोन आया था। उसने कि उनका चयन अमेरिका की कंपनी में हो गया है। युवती ने वीजा के लिए सभी दस्तावेज ईमेल से मांगे, जिसके बाद जितेंद्र ने युवती को दस्तावेज दे दिए। इसके बाद यूएसए का वीजा और फ्लाइट टिकट बनवाने के नाम पर कई बार में करीब 2,28,000 रुपये दे उसे दिए गए।
जिसके बाद आरोपियों की ओर से उसे बताया गया कि यूएसए दूतावास में वीजा स्वीकार कर लिया गया है। इसके बाद फिर जितेंद्र से 45 हजार रुपये की मांग की गई। जिस पर पीड़ित को शक हो गया और उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। जब पीड़ित की ओर से पैसे वापस मांगे गए तो आरोपी ने कोरियर से सफेद कागज भेज दिया। ठगे जाने का अहसास होने पर जितेंद्र ने बैंक से उस खाते की जानकारी निकलवाई जिसमें उसने रकम डाली थी। पैसे वापस मांगने पर उसे देख लेने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने बताया कि आरोपी ने 75 हजार रुपये वापस कर दिए, लेकिन 1,53,000 रुपये वापस नहीं कर रहा है। परेशान होकर उसने पुलिस आयुक्त को मामले की शिकायत दी। शिकायत की जांच साइबर क्राइम सेल द्वारा किए जाने पर आरोप सही पाए गए, जिसके बाद सदर थाना पुलिस ने राजीव सक्सेना नामक व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।