दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे पर मंगलवार रात धारुहेड़ा से एक बाइक पर आ रहे तीन युवकों को कार ने टक्कर मार दी। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है।
मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार का रहने वाला चांद राय (45) दिल्ली में रहता था। वहीं उसका दोस्त अजय अजय (22) राजीव नगर और राजीव महतो (29) नाहरपुर रूपा में रह रहा था। मंगलवार रात चांद अपने एक दोस्त से मिलने के बाद राजीव और अजय के साथ अपनी बाइक से धारुहेड़ा से लौट रहा था।
करीब एक बजे राजीव चौक फ्लाईओवर के पास अज्ञात कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक डिवाइडर से टकरा गई। अत्यधिक खून निकल जाने से तीनों की मौके पर मौत हो गई। एक राहगीर ने पुलिस कंट्रोल को सूचना दी।
नाहरपुर रूपा में रहने वाले राजीव के साले सुधीर के बयान पर सिटी थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज किया है। छानबीन के दौरान पता चला कि चांद राय दिल्ली में और उसके दो अन्य साथी गुड़गांव की एक निजी कंपनी में काम करते थे। हादसे के वक्त तीनों में से बाइक चला रहे चांद राय ने ही हेलमेट पहन रखा था। लोगों का कहना है कि अगर तीनों ट्रैफिक नियमों का पालन करते तो शायद उनकी जान बच जाती।