साइबर सिटी में जालसाझों की कमी नहीं है। एक जालसाझ ने नगर निगम में नौकरी दिलवाने के नाम पर दस लाख रुपये ठग लिए और फरार हो गया।
सदर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित हंसराज ने पुलिस को दी शिकायत मे बताया कि वह मेवात जिला के तावडू में रहते हैं और बेरोजगार हैं। 6 महीनें पहले नाहरपुर रूपा में मूलरूप से यूपी के बुलंदशहर निवासी डा. सौरव राघव से मुलाकात हुई थी।
उस दौरान डॉ. सौरव ने कहा था कि वह पैसे लेकर सरकारी नौकरी लगवाता है। इस पर डॉ. सौरव ने उसे और उसके रिश्तेदारों से नगर निगम में नौकरी लगाने की बात कही और दस लाख रुपये मांगें थे।
पीड़ित के चचेरे भाई देशराज को झांसे में लेकर निगम में नौकरी लगाने के नाम पर दस लाख रूपए ले लिए और कहा कि दो महीने के अंदर ज्वाइंनिंग लेटर मिल जाएगा। लेकिन दो महीनें बाद कोई लेटर नहीं आया और इस बारे में जब नगर निगम में पता किया तो ऐसे नौकरी मिलने का कोई प्रावधान नहीं है।
इसके बाद डॉ. सौरव से संपर्क किया तो उनसे संपर्क नहीं हुआ और फोन भी बंद है। बेरोजगार होने के कारण उसके बहकावें में आकर ठगे गए । इसके बाद ठगी का एहसास होने पर पुलिस को शिकायत दी है।