पुलिस ने बताया कि इस पूरी घटना में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई का हाथ होने का शक है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
अधिकारी ने कहा, ''कम्प्यूटर से दस्तावेज और अन्य फाइलें मिलने के बाद आगे की जांच में खुलासा हुआ कि शर्मा ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से रक्षा इकाइयों और वायु सेना के अधिकारी के बारे में संवेदनशील सूचनाएं दूसरे देश के एजेंट से साझा कीं। सूचना साझा करने के लिए जवान को दूसरे देश के एजेंट से रुपये भी मिले थे।''
पुलिस को आरोपी की पत्नी के बैंक खातों में भी कुछ संदिग्ध लेन-देन देखने को मिला। दिल्ली पुलिस ने शर्मा के खिलाफ ऑफीशियल सीक्रेट्स एक्ट (ओएसए) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। आगे की जांच में इलेक्ट्रॉनिक गेजेट्स और दस्तावेज आदि आपराधिक दस्तावेज बरामद हुए और आरोपी को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ''मामले की जांच कर पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा और शर्मा के संपर्क वाले व्यक्ति का पता लगाया जाएगा। पता चला है कि शर्मा को भारतीय मोबाइल नंबर से ही कॉल आ रही थी। मोबाइल नंबर की डिटेल मंगाई गई है और आगे की जांच जारी है।''