अपराध शाखा के पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि तीन नवंबर 2018 को जामिया नगर थाना पुलिस को हनीट्रैप में फंसाकर एक डॉक्टर से वसूली की शिकायत मिली थी। डॉक्टर ने अपनी शिकायत में बताया कि परवीन नाम की महिला इलाज के बहाने उससे मिली थी। महिला ने खुद को सऊदी अरब का नागरिक बताया था। महिला ने इमरजेंसी के नाम पर डॉक्टर से उसका नंबर ले लिया। पहले वह क्लीनिक पर इलाज के लिए आई। इसके बाद उसने एक दिन इमरजेंसी की बात कह डॉक्टर को जाकिर नगर स्थित अपने फ्लैट पर बुलाया था। वहां डॉक्टर को कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ देकर डॉक्टर को बेहोश कर लिया।
डॉक्टर के साथ अश्लील वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल
इसके बाद महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर डॉक्टर के साथ अश्लील वीडियो बनाया। बाद में एक नंबर से डॉक्टर के पास वीडियो भेज दिया गया। इसके बाद कॉल कर डॉक्टर से 50 लाख की डिमांड की गई। डॉक्टर ने बिना देर किए पुलिस को खबर दे दी। पुलिस से शिकायत करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। छानबीन के बाद 11 और 12 अप्रैल को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नूर मजहर उर्फ असलम और महेंदर को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन जोहरा उर्फ परवीन लगातार पुलिस को चकमा देती रही।
भोपाल में छिपकर रह रही थी महिला
इस दौरान दिल्ली पुलिस आयुक्त ने परवीन की गिरफ्तारी पर 20 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया। लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा की टीम ने भी महिला की तलाश शुरू कर दी। 16 जून को क्राइम ब्रांच की टीम को सूचना मिली थी कि हनीट्रैप में लोगों को फंसाकर वसूली करने वाली जोहरा उर्फ परवीन मध्य प्रदेश के फाइन एंक्लेव, कॉलर रोड, भोपाल में छिपकर रह रही है। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम को भोपाल भेजा गया। पुलिस ने 18 जून को जोहरा जबीं उर्फ परवीन को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने वसूली की बात स्वीकार कर ली। जोहरा ने बताया कि वह होशंगाबाद, महाराष्ट्र की रहने वाली है। गैंग का लीडर उसका कजिन जहांगीर उर्फ शेखू है। उसके कहने पर ही यह दिल्ली के जामिया नगर पहुंची थी। यहां उसने कई लोगों को ब्लैकमेल कर उनसे वसूली की।
ऐसे की जाती थी ठगी
पुलिस की पूछताछ में जोहरा ने बताया कि वह शादीशुदा है और पति के साथ भोपाल में छिपकर रह रही थी। उसको कोई बच्चा नहीं है। उसके कजिन जहांगीर ने उसे जबरन वसूली के लिए राजी किया था। उसके कहने पर यह दिल्ली आई। यहां उसने किराए पर फ्लैट लिया। अपने शिकार को किसी भी तरह फंसाकर यह उसे फ्लैट पर बुला लेती थी। इसके बाद कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ पिलाकर उसे अचेत कर दिया जाता था। बाद में जोहरा पीड़ितों के कपड़े उतारकर उनके साथ खुद की अश्लील वीडियो बनवा लेती थी। वीडियो महेंदर बनाता था। नूर मजहर का काम वीडियो भेजना और वसूली की कॉल करना था। पुलिस अब जहांगीर उर्फ शेखू की तलाश कर रही है।