संदीप जठेड़ी दिल्ली के चर्चित पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड के बाद सुर्खियों में आया था। सागर धनखड़ हत्याकांड में गैंगस्टर काला जठेड़ी का रिश्तेदार सोनू घायल हो गया था। इस पर काला जठेड़ी ने पहलवान सुशील कुमार को धमकी दी थी। गैंगस्टर संदीप पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब में कई मामले दर्ज हैं। गैंगस्टर जठेड़ी के ज्यादातर शूटर विदेश में है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने काला जठेड़ी पर मकोका लगाया हुआ है और वह एक दशक से अपराध की दुनिया पर राज कर रहा है। द्वारका कोर्ट के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दीपक वासन ने संदीप के वकील की दलीलों पर विचार करने और दिल्ली पुलिस के जवाब की समीक्षा करने के बाद यह राहत दी।
अदालत ने अधिकारियों को 12 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच संदीप को उसके विवाह समारोह में ले जाने का निर्देश दिया है, साथ ही दिल्ली पुलिस को सुरक्षा सुनिश्चित करने का काम सौंपा है। इसके अतिरिक्त उन्हें 13 मार्च को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे के बीच गृह प्रवेश समारोह के लिए ग्राम जठेड़ी ले जाया जाना है। संदीप की ओर से थाना द्वारका साउथ में धारा 307 (हत्या का प्रयास), 387 (जबरन वसूली), 120बी (आपराधिक साजिश) और शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज मामले में हिरासत पैरोल के लिए आवेदन दायर किया गया था। संदीप ने अपनी शादी को संपन्न करने के लिए मानवीय आधार पर पैरोल की मांग की, जो उनके परिवार द्वारा 12 मार्च को सुबह 10 बजे निर्धारित की गई है। गृह प्रवेश समारोह 13 मार्च को सुबह 11 बजे गांव जठेड़ी, सोनीपत, हरियाणा में आयोजित करने की योजना है।