पीड़िता पिछले करीब दो साल से मुस्तफाबाद इलाके में रहती है। इसके परिवार में मां के अलावा भाई व बहन है। वर्ष 2021 में इसके पिता की मौत हो गई थी। मां की दिमागी हालत भी ठीक नहीं है। उनका इहबास अस्पताल में इलाज चल रहा है। पीड़िता ने बताया कि पिछले साल पड़ोसी प्रॉपर्टी डीलर ने उसके परिवार को किराए का घर दिलवाया था। इसके बाद आरोपी शावेज आलम का उनके घर आना-जाना हो गया। आरोप है कि 14 अगस्त 2023 को किशोरी घर पर अकेली थी। इस बीच आरोपी घर पहुंचा और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने किसी को कुछ भी बताने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद यह सिलसिला चलता रहा। नवंबर 2023 में किशोरी को पता चला कि वह गर्भवती है, उसने शावेज को सारी बात बताई तो उसका गर्भपात करवा दिया। इसके बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को शावेज की हरकत के बारे में बताया। परिवार ने दबाव डाला तो आरोपी ने पीड़िता से निकाह कर लिया। इसके बाद सब ऐसे ही चलता रहा। 21 जनवरी 2024 को आरोपी ने पीड़िता को तीन तलाक देकर उससे पीछा छुड़ा लिया।
पुलिस ने धमकाकर भगाया
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पीड़िता को थाने ले गई। आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने उल्टा किशोरी व उसके परिवार को धमकाकर भगा दिया। 30 जनवरी 2024 को परिवार ने पुलिस उपायुक्त कार्यालय में मामले की शिकायत की। इस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। परेशान होकर पीड़ित परिवार ने महिला हेल्प लाइन पर शिकायत की तो इसके बाद पुलिस हरकत में आई। अब शनिवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।