अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। गुरु गोबिंद सिंह इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय ने इस साल से दाखिले में एकल कन्या कोटा (सिंगल गर्ल चाइल्ड) की शुरूआत की है। इस कोटे के तहत 66 प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑफलाइन काउंसलिंग 26 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इसके बाद सीट का आवंटन किया जाएगा।
काउंसलिंग में हिस्सा लेने वाली छात्रा को यूनिवर्सिटी के कुलसचिव के नाम से 96,000 रुपये का बैंक ड्राफ्ट, चार फोटो, जन्म प्रमाण पत्र, मार्क्सशीट, दाखिला सत्यापन फॉर्म काउंसलिंग के समय साथ लेकर आना होगा। आईपी यूनिवर्सिटी ने सत्र 2024-25 से अपने सभी यूनिवर्सिटी स्कूल और सेंटर में चलने वाले यूजी और पीजी प्रोग्राम में एक सीट का अतिरिक्त सिंगल गर्ल चाइल्ड कोटा देने का निर्णय लिया था।
यदि किसी परिवार में दोनों जुड़वा बच्चे लड़कियां हैं तो दोनों इस कोटा के दायरे में आएंगी। यूनिवर्सिटी स्कूल एवं सेंटर के सभी यूजी एवं पीजी प्रोग्राम में एक-एक अतिरिक्त सीट इस कोटा के तहत भरी जाएंगी। यह सीट किसी प्रोग्राम के लिए तयशुदा इंटेक से अतिरिक्त अखिल भारतीय स्तर पर भरी जाएगी। इसमें दिल्ली या दिल्ली से बाहर का अलग-अलग कोटा नहीं होगा। किसी भी प्रोग्राम में दाखिला उस प्रोग्राम के लिए निर्धारित मेरिट पर होगा।