सेक्टर-24 स्थित ईएसआई अस्पताल की दीवारों में दरारों के बाद अब सोलर पैनल के बर्बाद होने का मामला सामने आया है। अस्पताल को बिजली संकट से उबारने में सक्षम 50 लाख के सोलर पैनल की फिल्म सड़ गई है। ये पैनल अस्पताल की छत पर लगे हुए हैं।
वर्ष 2011 में शुरू हुए ईएसआई मॉडल अस्पताल का बुरा हाल है। दो साल से यहां बिजली की समस्या है। इसका कारण बिजली के पैनल का बार-बार फुंक जाना बताया जा रहा है। बिजली न होने के कारण एसी ठप हो जाते हैं, जिसके कारण ऑपरेशन नहीं होते। ओपीडी कमरों में भी अंधेरा रहता है।
खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ता है। अस्पताल के उद्घाटन के साथ ही बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के विकल्प के तौर पर सोलर पैनल शुरू किए गए थे, जो देखरेख के अभाव के कारण कुछ समय बाद खराब हो गए। अस्पताल में सौर ऊर्जा की यह बेहतरीन व्यवस्था दम तोड़ चुकी है।
अस्पताल के अधिकारी से लेकर कर्मचारी भी इस बात को मानते हैं कि सोलर पैनल ठीक होते तो बिजली संकट से बचा जा सकता था। अब सोलर पैनल को ठीक कराने के लिए दिल्ली स्थित ईएसआई मुख्यालय को पत्र लिखा गया है।