हरियाणा विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गुड़गांव और मेवात में सभी पार्टियां काफी सक्रिय हैं। पार्टी से लेकर प्रत्याशी तक सभी अपने प्रचार में पूरा दमखम लगा रहे हैं।
मगर कांग्रेस अभी भी इस मामले में काफी गंभीर नहीं दिख रही है। जबकि विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की ओर से गठित कैंपेन कमेटी और पब्लिसिटी कमेटी में गुड़गांव और मेवात को खासी तवज्जो दी गई है। इसके बावजूद प्रचार में ढिलाई लोगों को समझ में नहीं आ रही है।
गुड़गांव जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में भारतीय जनता पार्टी और उसके स्वघोषित प्रत्याशियों ने जोरदार प्रचार अभियान चला रखा है। यही आलम मेवात जिले की विधानसभा सीटों पर भी दिखाई दे रही है।
इंडियन नेशनल लोकदल तो कई सीटों पर अपने प्रत्याशी भी घोषित कर चुकी है। मगर कांग्रेस तो प्रचार के प्राथमिक स्तर पर भी कोई पहल नहीं कर रही है। गत 29 अगस्त को दिल्ली में कांग्रेस कैंपेन कमेटी की बैठक हुई थी।
कैप्टन अजय यादव ने कहा था कि इस बैठक के बाद प्रचार दिखेगा मगर अभी ऐसा नहीं दिखाई दे रहा है। इस कमेटी की बागडोर भी उन्हीं के हाथ में है।
कांग्रेस पब्लिसिटी कमेटी के सदस्य आशीष दुआ का कहना है कि कांग्रेस उम्मीदवारों के चयन के बाद अपने प्रचार में तेजी लाएगी। इसके लिए सभी प्रकार की जरूरी तैयारियां की जा रही हैं।
जिला स्तर पर बैठकों का भी दौर शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में दिख रही भाजपा की सक्रियता पार्टी स्तर पर नहीं है बल्कि टिकटों के लिए घमासान करने वाले अनियोजित प्रचार कर रहे हैं। इससे भाजपा को फायदा के स्थान पर नुकसान होगा।
गुड़गांव में कैंपेन कमेटी विधायक राव धर्मपाल और पूर्व विधायक धर्मवीर गाबा के नेतृत्व में काम करेगी। दुआ ने बताया कि कांग्रेस ने पब्लिसिटी कमेटी की चार सब कमेटियां तैयार हो गई हैं। दुआ ने बताया कि मेवात में आफताब अहमद और मामन खान पूरी तरह से सक्रिय हैं।
कांग्रेस की सब-पब्लिसिटी कमेटी----सदस्य
सोशल मीडिया सब-कमेटी---------------दीपेंद्र हुड्डा व आशीष दुआ
प्रिंट मीडिया सब-कमेटी-----------------जितेंद्र भारद्वाज व अजय शर्मा
आउटडोर सब-कमेटी--------------------मामन खान
को-आर्डिनेशन सब-कमेटी---------------संजय छोकर व भावना गुप्ता