अदालत ने बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी, उनके पति और अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग पर दिल्ली पुलिस से कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है। दिल्ली के व्यवसायी ने इन पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी और हेरफेर का आरोप लगाते हुए एफआईआर का निर्देश देने का आग्रह अदालत से किया है। महानगर दंडाधिकारी मानसी मलिक ने रोहिणी नॉर्थ थाना पुलिस से रिपोर्ट तलब करते हुए सुनवाई के लिए नौ नवंबर की तारीख तय की है।
निवेश से उसे कोई लाभ नहीं मिला और कंपनी के शेयर गिर गए
व्यवसायी विशाल गोयल ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उससे धोखाधड़ी करने के लिए साजिश रची और उससे मुंबई की एक कंपनी में 2018 में लाखों रुपये का निवेश करवाया। इससे निवेश से उसे कोई लाभ नहीं मिला और कंपनी के शेयर गिर गए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपियों ने उससे 4133782 रुपये का निवेश करवाया और उस पैसे की हेराफेरी कर ली। इन आरोपियों ने उस पैसे का प्रयोग अपने फायदे के लिए किया और उससे अवैध गतिविधियों को अंजाम दिया। उसने आरोप लगाया कि राज कुंद्रा व अन्य आरोपियों ने सब्जबाग दिखाकर अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए तैयार किया।
एप विकसित कर पोर्न फिल्में बनाने के गोरखधंधे में
शिकायतकर्ता ने कहा कि आरोपियों ने दावा किया था कि उनकी कंपनी गेमिंग, एनिमेशन और सौंदर्य प्रसाधनों के उत्पादन में लगी है। गोयल ने कहा कि उसे कुछ समय पहले पता चला कि आरोपियों की कंपनी मोबाइल एप विकसित कर पोर्न फिल्में बनाने के गोरखधंधे में लगी थी। इन फिल्मों को एप के जरिये सर्कुलेट कर रही थी। व्यवसायी ने अधिवक्ता साहिल मुंजाल और रिया गांधी के जरिए दायर शिकायत में कहा कि आरोपियों की इन अनैतिक और अवैध गतिविधियों के कारण उससे धोखाधड़ी और उसके पैसे की हेराफेरी हुई। आरोपियों ने उसे झांसा दिया कि शिकायतकर्ता के पैसे का प्रयोग वैध गतिविधियों में होगा। उसने कहा कि उसे पैसा मिलने पर पता चला कि आरोपियों ने कई एजेंसियों के जरिए धन शोधन में लगे थे और उससे अनाधिकृत व्यक्तिगत लाभ ले रहे थे।
सेबी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश
शिकायतकर्ता ने इन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात, आईअी एक्ट, महिलाओं को अश्लील रूप में दिखाने पर रोकथाम संबंधी अधिनियम और सेबी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने का आग्रह किया है। इस मामले में राज कुंद्रा, शिल्पा शेट्टी के अलावा दर्शित शाह, एमके वाधवा, नंदन मिश्रा, सत्येंद्र सरूप्रिया, उमेश गोयंका और वियान इंडस्ट्रीज को आरोपी बनाया गया है। शिकायतकर्ता ने कहा है कि उसे शक है ये आरोपी देश छोड़कर भागने की योजना बना रहे हैं। हालांकि कुंद्रा अन्य मामले में न्यायिक हिरासत में है।