उपराज्यपाल के पास जाएगी आप
दिल्ली सरकार के मंत्री और आप विधायक बस मार्शलों की बहाली को लेकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना से बृहस्पतिवार को मिलने जाएंगे। आप ने उम्मीद जताई है कि इस बार भाजपा वादाखिलाफी नहीं करेगी। वह बस मार्शलों को बहाल करवाने के लिए एलजी के पास जरूर जाएगी।
आप का कहना है कि इसके लिए जहां भी हस्ताक्षर करना होगा करेंगे। आप नेताओं ने कहा कि इससे पहले भी दिल्ली सरकार भाजपा के साथ बस मार्शलों को लेकर एलजी के पास जाने को तैयार थी, लेकिन, भाजपा ने यू-टर्न मार लिया था।
दिल्ली सिविल डिफेंस वालेंटियर्स की नौकरी बहाली के संबंध में विधायक दिलीप पांडे और कुलदीप कुमार ने बुधवार को पार्टी मुख्यालय में प्रेसवार्ता की। पांडे ने दावा किया कि बस मार्शलों की बहाली के लिए 24 फरवरी को विधानसभा में प्रस्ताव पास किया गया था। ये लोग बस मार्शलों को बरगलाते रहे हैं। उन्होंने जो भी कमियां बताईं, दिल्ली सरकार ने पूरा किया। वहीं, विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि 2015 में दिल्ली सरकार ने डीटीसी बसों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए बस मार्शलों को तैनात किया था। बस मार्शल पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ बसों में महिलाओं की सुरक्षा कर रहे थे। वर्ष 2023 में एलजी ने एक आदेश पारित कर उन्हें नौकरी से निकाल दिया।
इसके पीछे उन्होंने तर्क दिया कि डीटीसी बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन हैं, इसलिए अब इनकी जरूरत नहीं है। 10 हजार से अधिक बस मार्शल को लगभग एक साल से तनख्वाह नहीं मिल रही है। आप और दिल्ली सरकार लगातार बस मार्शलों की बहाली की मांग कर रही है।