नोएडा के सेक्टर-82 में प्रस्तावित सिटी बस टर्मिनल और डिपो का काम चुनाव बाद ही शुरू हो सकेगा। इस प्रोजेक्ट को देख रहे नोएडा ट्रैफिक सेल के प्रभारी और वरिष्ठ परियोजना अभियंता संदीप चंद्रा ने बताया कि अभी इसका नक्शा तैयार किया जा रहा है।
इसके बाद एस्टीमेट और टेंडर की प्रक्रिया होगी। कागजी प्रक्रिया को पूरा करने में करीब तीन माह लग जाएंगे। उसके बाद काम शुरू होगा। छह मंजिला इस इमारत के बेसमेंट में पार्किंग, बस पकड़ने का स्टैंड और प्रतीक्षालय भूतल पर होगा। कुल बिल्टअप एरिया के 25 फीसदी पर व्यावसायिक उपयोग होगा।
इसी भूखंड के कुछ हिस्से पर बस डिपो बनना है। नक्शा बनने के बाद ही इसका एरिया साफ होगा। इस टर्मिनल से नोएडा व ग्रेटर नोएडा की सिटी बस सेवा संचालित की जाएगी। प्रोजेक्ट को पूरा होने में डेढ़ से दो साल लग जाएंगे।
हाल ही में सीईओ रमा रमण ने प्रोजेक्ट को पूरा कराने की जिम्मेदारी नोएडा ट्रैफिक सेल को दी है। अभी एकमात्र बस स्टैंड मोरना में है। रोडवेज की बसें यहीं से संचालित होती हैं। वहीं, सेक्टर 144 में प्रस्तावित अंतरराज्यीय बस अड्डे का भी डिजाइन और एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इसका भी टेंडर चुनाव बाद ही जारी होगा। यहां से लंबी दूरी की बसें मिलेंगी।