काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने गुरुवार को बारहवीं कक्षा की सेमेस्टर-2 की परीक्षा तिथियों में बदलाव किया है। जेईई मेन और बारहवीं की परीक्षा तिथियां आपस में टकरा रही थीं। ऐसे में सीआईएससीई बोर्ड ने बारहवीं की परीक्षा तिथियों में बदलाव करने का फैसला किया। अब बोर्ड ने सेमेस्टर-2 परीक्षा का संशोधित शेड्यूल जारी किया है।
नई परीक्षा तिथियों के अनुसार बारहवीं की परीक्षाएं अब 26 अप्रैल से शुरु होंगी और 13 जून को समाप्त होंगी। इससे पहले बाहरवीं बोर्ड के सेमेस्टर-2 की परीक्षाएं 25 अप्रैल को शुरु होनी थी। जबकि छ: जून को समाप्त होनी थी। नया परीक्षा शेड्यूल सीआईएससीई बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देखा जा सकता है।
ये है संशोधित परीक्षा शेड्यूल
संशोधित परीक्षा शेड्यूल के अनुसार 26 अप्रैल को अंग्रेजी पेपर-1, 28 अप्रैल को कॉमर्स, 30 अप्रैल को इलेक्टिव अंग्रेजी, दो मई को अंग्रेजी पेपर-2, पांच मई को इकोनॉमिक्स, सात मई को मास मीडिया एंड कम्यूनिकेशन, नौ मई को मैथमेटिक्स, 11 मई को हिस्ट्री, 13 मई को केमिस्ट्री(थ्योरी), 20 मई को अकाउंट्स, 23 मई को बॉयोलॉजी(पेपर-1 थ्योरी), 25 मई को सोशियोलॉजी।
27 मई को पॉलिटिक्ल साइंस, 30 मई को साइकोलॉजी, एक जून को कंप्यूटर साइंस (पेपर-1), तीन जून फिजिकल एजुकेशन पेपर-1, चार जून को लीगल स्टडीज, आठ जून को बिजनेस स्टडीज, दस जून बॉयोटेक्नोलॉजी पेपर-1, 13 जून को भूगोल की परीक्षा होगी। दसवीं की परीक्षा तिथियों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बारहवीं की परीक्षा 1.30 की अवधि की होगी। इसके अलावा छात्रों को अतिरिक्त 10 मिनट प्रश्न पत्र पढने के लिए मिलेंगे।