सितंबर से जीडीए की 1.25 लाख प्रापर्टी के मालिक इससे जुड़े दस्तावेज घर बैठे देख सकेंगे। साथ ही यदि उनमें कोई गलती है तो उसे ऑनलाइन ही सुधार भी सकेंगे।
जीडीए ने प्रापर्टी वैलिडेशन का काम तेज करा दिया है। प्रत्येक जोन के जीडीए बाबुओं को प्रति सप्ताह 100 फाइलें अपडेट करने का लक्ष्य दिया है। जीडीए अधिकारियों ने अगस्त माह तक हर हाल में यह काम पूरा करने की बात कही है।
जीडीए ने निजी कंपनी से प्रापर्टी की फाइलों को स्कैन कराया था। निजी कंपनी ने ही फाइलों की सॉफ्टकॉपी बनाकर इसे कंप्यूटर पर अपलोड किया था।
निजी कंपनी द्वारा तैयार की गईं फाइलों में दर्ज सूचनाएं सही हैं या नहीं, जीडीए अधिकारी प्रापर्टी वैलिडेशन के जरिए मूल फाइलों से इनका मिलान कर जांच करवा रहे हैं।
सभी प्रापर्टियों की जांच के बाद इनकेमालिकों को आईडी और पासवर्ड भेजा जाएगा। अभी तक करीब 6000 लोगों को आईडी और पासवर्ड दिए गए हैं।
जीडीए ओएसडी विद्याभूषण ने बताया कि प्रापर्टी की फाइलों को ऑनलाइन करने से पूर्व इनका मूल फाइलों से मिलान करवाया जा रहा है। इस माह हर हाल में यह काम पूरा हो जाएगा।
आईडी और पासवर्ड के जरिए आवंटी प्रापर्टी में लगाए गए दस्तावेज की जांच कर सकते हैं। दस्तावेजों में गलती मिलने पर सही भी करा सकेंगे।
राजनगर एक्सटेंशन में बनेंगे समाजवादी घर
प्रदेश सरकार की मुख्य योजनाओं में शामिल समाजवादी आवास योजना के लक्ष्य को पूरा करने की कमर जीडीए ने कस ली है।
इसी कड़ी में राजनगर एक्सटेंशन जैसी पॉश कॉलोनी में समाजवादी आवास योजना लाने की तैयारी अधिकारी कर रहे हैं। अभी योजना के लिए जमीन चिन्हित नहीं हुई है।
जीडीए अधिकारी योजना के लिए जमीन तलाश रहे हैं। जमीन तय होते ही योजना लांच की जाएगी। ऐसा होने से राजनगर एक्सटेंशन में भी लोगों को 18 से 25 लाख रुपये की कीमतों पर टू बीएचके फ्लैट मिल सकेंगे।