पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर गिफ्ट भेजने का झांसा देकर देशभर में ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने तीन विदेशियों समेत पांच ठगों को गिरफ्तार कर 22 खातों को सीज किया है। इनमें करीब 3.50 लाख रुपये जमा हैं। साथ ही, पुलिस ने 11 मोबाइल, 29 सिम, 2 लैपटॉप, 1 डोंगल और 3 पेन ड्राइव बरामद किए हैं। आरोपी पांच साल में 500 लोगों से करोड़ों रुपये ठग चुके हैं। आरोपियों की पहचान इसहाक चुकुमा ओकोरी, ओफोसू, साई मैथ्यू, कमल कुमार और लालरिमावी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 29 अक्तूबर को महिला डॉक्टर ने मध्य जिला के साइबर सेल में ठगी की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्क पीटरसन ने 29 जून को इंस्टाग्राम पर संपर्क कर खुद को अमेरिकी एयरलाइंस में पायलट बताया। उसने कहा कि वह फिलहाल लंदन में रह रहा है। इसके बाद वाट्सएप मैसेज भेजने लगा।