ग्रेटर नोएडा के जिला जेल में शनिवार को चंद्रमोहन की प्रेमिका प्रीति नागर समेत 26 महिलाओं ने करवाचौथ का व्रत रखा। प्रीति पूरे दिन अलग-अलग सी रही। उसने किसी से ज्यादा बात भी नहीं की। जेलर अकरम खान ने बताया कि जेल में बंद महिलाओं ने अपने पति की लंबी आयु के लिए व्रत रखा।
जेल में शनिवार को करीब दो घंटे तक महिलाओं की उनके पति से विशेष मुलाकात कराई गई। इस दौरान सभी ने खुले स्थान पर आमने-सामने बैठकर बातचीत की। प्रीति ने व्रत जरूर रखा लेकिन उसने चंद्रमोहन से मिलने की इच्छा नहीं जताई। करीब 50 से 60 महिलाओं ने अपने पति से मुलाकात की।
जेलर ने बताया कि व्रत खोलने के दौरान महिला बंदियों के पति उनके सामने नहीं होंगे। चांद देखने के बाद ही उन्हें अपना व्रत खोलना पडे़गा। अकरम खान ने बताया कि बिमटेक इंस्टीट्यूट द्वारा पुस्तकालय सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बंदियों के साथ काफी समय बिताया। छात्रों और पुरुष बंदियों के बीच निबंध और शतरंज प्रतियोगिता कराई गई। वहीं छात्राओं ने महिला बंदियों के साथ रंगोली बनवाई।
इधर, चंद्रमोहन की पत्नी सविता शर्मा ने करवाचौथ पर व्रत नहीं रखा। सविता का कहना है कि चंद्रमोहन उसके लिए मर चुका है। जिस व्यक्ति ने उसकी और अपने बच्चों की परवाह नहीं की, उसकी लंबी आयु के लिए व्रत क्यों रखूं। उसके लिए चंद्रमोहन घटना वाले दिन ही मर गया था।