गोपाल राय ने बताया है कि, कई लोगों के मेरे पास फोन आ रहे थे कि सेंट्रल विस्टा पर काम चल रहा है, इसलिए हमने यहां निरीक्षण किया। उन्होंने आगे कहा कि पूरी दिल्ली में निर्माण कार्य बंद होने के बावजूद यहां पर काम चल रहा है।
पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने बुधवार को सेंट्रल विस्टा का औचक निरीक्षण किया। निर्माण कार्य में मानदंडों का उल्लंघन व आदेश की अवहेलना करने पर मंत्री ने दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) को संबंधित एजेंसी केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को दो अलग-अलग नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। साथ ही बृहस्पतिवार तक सीपीडब्ल्यूडी से जवाब मांगा है।
विज्ञापन
राय ने कहा कि प्रदूषण के चलते निर्माण कार्यों पर रोक के बावजूद सेंट्रल विस्टा परियोजना के अंदर काम चलता पाया गया। इस पर नोटिस जारी कर सीपीडब्ल्यूडी से पूछा गया है कि किस आधार और किसके आदेश पर यहां काम चल रहा है। सीपीडब्ल्यूडी से जवाब मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मंत्री को शिकायत मिली थी कि दिल्ली सरकार की तरफ से दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर सभी तरह के निर्माण और ध्वस्तीकरण कार्यों पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके बावजूद सेंट्रल विस्टा परियोजना के अंदर काम लगातार चल रहा है। गोपाल राय ने कहा कि निर्माण स्थल पर धूल विरोधी मानदंडों का भी पालन नहीं किया जा रहा है। इससे संबंधित दिशा-निर्देश डीपीसीसी द्वारा पहले ही जारी किए जा चुके हैं। मानदंडों का उल्लंघन करने पर सीपीडब्ल्यूडी को एक अलग से नोटिस जारी करने का आदेश दिया गया है। इस तरह सीपीडब्ल्यूडी को दो अलग-अलग नोटिस जारी किए जा रहे हैं। साथ ही निर्देश दिया गया है कि धूल प्रदूषण को रोकने के लिए पानी का छिड़काव किया जाए, जिससे धूल को उड़ने से रोका जा सके। उन्होंने कहा कि संतोषजनक जवाब न मिलने पर जिम्मेदार एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।