केजरीवाल सुबह करीब 11 बजे पूछताछ के लिए सीबीआई मुख्यालय पहुंचे। जांच एजेंसी के अधिकारी केजरीवाल को मुख्यालय की पहली मंजिल पर ले गए। घटनाक्रम पर नजर रखने के लिए सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारी भी रविवार को मुख्यालय में मौजूद थे। हालांकि अधिकारियों ने कहा कि वीआईपी की पेशी के दौरान यह सामान्य प्रक्रिया है।
सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान केजरीवाल को लंच ब्रेक की पेशकश की गई। हालांकि उन्होंने सीबीआई मुख्यालय के बाहर नहीं जाने का फैसला किया। दिल्ली के सीएम से सीबीआई की पूछताछ देर शाम तक चलती रही। सीबीआई के सामने पेश होने से पहले केजरीवाल राजघाट भी गए और महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सीबीआई ने इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी को करीब 8 घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया था।
रोके जाने पर धरने पर बैठे आप नेता, लिए गए हिरासत में
सीबीआई मुख्यालय जाते वक्त केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह, राघव चड्ढा, कैबिनेट मंत्री कैलाश गहलोत, आतिशी, सौरभ भारद्वाज, इमरान हुसैन भी थे। हालांकि पुलिस ने लोधी रोड स्थित सीबीआई मुख्यालय से पहले ही सभी नेताओं को रोक लिया। इसके बाद पार्टी के सभी नेता वहीं धरना पर बैठ गए और पीएम नरेंद्र मोदी और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस ने आप नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। राघव चड्ढा ने ट्वीट किया कि दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्वक धरना दे रहे हम लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अज्ञात स्थान पर लेकर जा रही है...यह किस तरह की तानाशाही है? हालांकि हिरासत में लिए जाने से पहले ही पंजाब के सीएम मान धरना स्थल से चले गए थे। आप नेता गोपाल राय ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस ने 1500 लोगों को हिरासत में लिया। साथ ही दिल्ली के 32 विधायकों और 70 पार्षदों को गिरफ्तार किया गया जबकि दिल्ली सीमा पर पंजाब के 20 विधायकों को भी गिरफ्तार किया गया है।
अपने मुल्क के लिए जान भी दे सकता हूं : केजरीवाल
पूछताछ के लिए रवाना होने से पहले केजरीवाल ने पांच मिनट का वीडियो जारी कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने बुलाया है। मैं पूरी ईमानदारी और सच्चाई से सभी सवालों के जवाब दूंगा। जब कुछ गलत किया ही नहीं है तो फिर छिपाना क्या। ये लोग बहुत ताकतवर हैं, किसी को भी जेल भेज सकते हैं। भाजपा नेता लगातार कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। शायद भाजपा ने सीबीआई को आदेश भी दे दिया है कि केजरीवाल को गिरफ्तार करना है। इसके बाद तो सीबीआई गिरफ्तार करेगी ही। उन्होंने कहा कि भाजपा वालों को सत्ता का बहुत अहंकार हो गया है। सबको जेल भेजने की धमकी देते हैं। मैं अपने देश से बहुत प्यार करता हूं। अपनी भारत मां से बेइंतहां मोहब्बत करता हूं। अपने मुल्क के लिए जान भी दे सकता हूं।
सीबीआई मुख्यालय और आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम
सीबीआई मुख्यालय और आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का इंतजाम किया था। सीबीआई मुख्यालय के बाहर 1000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई थी। साथ ही धारा 144 भी लगाई गई थी। राउज एवेन्यू स्थित आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर भी सुरक्षा सख्त की गई थी।
इन इलाकों में जाम
आप कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के चलते आनंद विहार टर्मिनल, आईटीओ चौक, मुकरबा चौक, पीरागढ़ी चौक, लाडोसराय चौक, क्राउन प्लॉजा चौक, द्वारका मोड़ सेक्टर 6 और सेक्टर 2 चौराहा, प्रेम वारी चौराहा रिंग रोड, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन अजमेरी गेट की तरफ और बड़ा हनुमान मंदिर में जाम की स्थिति रही।