दिल्ली पुलिस में इन दिनों लापरवाही से वाहन चलाने का दर्ज हुआ मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले का मात्र 18 घंटे में ही फैसला हो गया।
18 घंटे में पुलिस ने करीब 24 पेज की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की, गाड़ी की मैकेनिकल जांच कराई और कोर्ट ने फैसला भी सुना दिया है। दिल्ली पुलिस में ये शायद पहला मामला है कि 18 घंटे में ही फैसला हो गया।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार गांव कटिरा जाफराबाद निवासी जितेंद्र (25) नोएडा में रहता है और कॉल सेंटर की स्विफ्ट डिजायर गाड़ी चलाता है। जितेंद्र 6 अक्तूबर की रात आईआईटी से चिराग दिल्ली की तरफ जा रहा था।
हौजखास मेट्रो स्टेशन के पास उसकी गाड़ी एक ऑटो से टकराते-टकराते बची। दिल्ली ट्रैफिक के सिपाही महेन्द्र ने जितेंद्र को लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में 6 अक्तूबर को रात करीब साढ़े आठ बजे पकड़ लिया और उसे हौजखास थाना पुलिस को सौंप दिया।