फरीदाबाद सेक्टर-13 में एस्कॉर्ट्स कंपनी के पास शुक्रवार रात को एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी घायल हो गए।पांचों की उम्र 22-25 वर्ष के बीच है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे की है। हादसे में घायल जवाहर कॉलोनी निवासी विपिन ने बताया कि उसका दोस्त सागर सेक्टर-86 स्थित ओमैक्स के पास बीपी-12 के प्लॉट नंबर-804 में परिजनों के साथ रहता था। सागर ने शुक्रवार को अपने घर पर पार्टी दी थी, जिसमें विपिन के अलावा जवाहर कॉलोनी निवासी हेमंत व तरुण और पर्वतीय कॉलोनी निवासी राकेश पहुंचे थे।
विपिन के मुताबिक, सभी दोस्तों ने सागर के घर पार्टी की और रात करीब 2:30 बजे खाना खाने के लिए सागर की कार से निकले। सभी सेक्टर-12 के मोड़ के पास स्थित एक होटल पर खाना खाने के बाद निकले, कार सागर चला रहा था।
विपिन ने बताया कि सेक्टर-13 में एस्कॉर्ट्स कंपनी के पास सामने से आ रहे एक वाहन की लाइट की चमक पड़ने से अचानक गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर पर चढ़ गई।
कार लोहे की रेलिंग से टकराते हुए काफी दूर तक घिसटती चली गई और आगे जाकर पलट गई। सागर गाड़ी के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई और बाकी साथी घायल हो गए।
घायलों का इलाज बीके अस्पताल में कराया गया। सभी प्राइवेट जॉब में हैं। जांच अधिकारी एसआई अजीत के मुताबिक, हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। शव परिजनों को सौंप दिया गया है।