चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर सिंह के अनुसार गांव अलावलपुर निवासी सुमित ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह गुरुग्राम से कंप्यूटर का कोर्स कर रहा है। 13 मार्च को वह अपने 20 वर्षीय दोस्त पुनीत, 20 वर्षीय हन्नी व जनौली गांव निवासी 21 वर्षीय विपिन के साथ कार से फरीदाबाद गए थे। शाम के समय वे फरीदाबाद से मोहना गांव होते हुए अलावलपुर वापस लौट रहे थे। गाड़ी को पुनीत चला रहा था। गांव डाडौता के समीप उनकी कार के सामने अचानक एक नीलगाय आ गई। नीलगाय को बचाने के चक्कर में उनकी गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भयंकर था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार में सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने उन्हें कार से निकालकर जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुनीत, हन्नी व विपिन को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि उसका एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
थाना प्रभारी दलबीर सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना मिली तो पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया। हादसा कार की रफ्तार ज्यादा होने के कारण हुआ। अचानक नील गाय सामने आने से युवक कार को नियंत्रित नहीं कर पाए और हादसा हो गया। परिजनों के बयान दर्ज कर तीनों शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
एक साथ निकले तीन शव तो हर आंख हो गई नम
पडोसी गांव अलावलपुर व जनौली के तीनों युवकों की मौत से दोनों गांवों में गम का माहौल है। बृहस्पतिवार को अस्पताल में भारी संख्या में दोनों गांवों के लोग पहुंचे। घंटों तक शवों के पोस्टमार्टम का इंतजार करते रहे। पोस्टमार्टम से जब एक साथ तीनों युवकों के शव निकले तो सभी की आंखें नम हो गईं। गांव अलावलपुर में एक साथ दोनों शव जलाए गए। इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
ट्रैक्टर के नीचे आया चालक, मौत
दूसरा हादसा गांव पृथला स्थित एक होटल पर हुआ, जहां ट्रैक्टर में कुछ काम रह रहा चालक ट्रैक्टर के नीचे आ गया। जानकारी के अनुसार गांव प्रहलादपुर निवासी 55 वर्षीय धर्मबीर एक कंपनी में ट्रैक्टर चालक का काम करता था। वह कंपनी से ट्रैक्टर लेकर फरीदाबाद जा रहा था। रास्ते में ट्रैक्टर में कुछ कमी दिखाई दी तो एक होटल पर रोक दिया। पृथला के समीप होटल पर ट्रैक्टर के नीचे कुछ काम कर रहा था, तभी ट्रैक्टर आगे बढ़ गया और धर्मबीर उसके टायर के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया।